राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल की अध्यक्षता में उदयन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में परिवार कल्याण कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित कराने तथा नॉट रिपोर्टेड प्रसवों पर विशेष ध्यान देते हुए उनकी ट्रैकिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही लाभार्थियों एवं आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान में शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। एच.आर.पी. (हाई रिस्क प्रेग्नेंसी) महिलाओं की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने उनके नियमित मॉनीटरिंग के निर्देश भी दिये। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी एवं प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आवश्यक कार्यों की सूची तैयार कर आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत प्राप्त धनराशि से कार्य कराए जाएं, जिससे मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। उन्होंने फरवरी माह में शिशु एवं मातृ मृत्युदर के कारणों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा लापरवाही बरतने वाले निजी अस्पतालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने को कहा। आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान की समीक्षा के दौरान उन्होंने निष्क्रिय आशाओं को हटाकर उनके स्थान पर नए चयन की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। आयुष्मान भारत योजना में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर प्रगति लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सैम (गंभीर कुपोषित) बच्चों को पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कराने तथा आभा आईडी निर्माण में तेजी लाने को कहा। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने बीसीपीएम सिराथू का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार एवं सीएमएस डॉ. सुनील शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































