राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क धौरहरा खीरी : धौरहरा वन रेंज के देवी पुरवा गांव में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब खेत की ओर जा रहे एक किसान पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। किसान ने साहस का परिचय देते हुए करीब दस मिनट तक तेंदुए से मुकाबला किया और खुद को उसकी पकड़ से छुड़ा लिया। बाद में ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए तेंदुए को रस्सियों से बांधकर काबू में कर लिया। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए को अपने कब्जे में ले लिया। जानकारी के अनुसार देवी पुरवा गांव निवासी लगभग 30 वर्षीय अंकुल भार्गव सोमवार सुबह अपने खेत की ओर जा रहे थे। रास्ते में गेहूं के खेत से हलचल की आवाज सुनकर जब वे उस दिशा में बढ़े तो अचानक सामने तेंदुआ आ गया। अंकुल कुछ समझ पाते उससे पहले ही तेंदुए ने उन पर झपट्टा मार दिया और उनके हाथ को अपने जबड़ों में दबोच लिया।
अंकुल ने हिम्मत नहीं हारी और तेंदुए से भिड़ गए। उन्होंने पूरी ताकत लगाकर तेंदुए को जमीन पर गिरा दिया, लेकिन वह हाथ छोड़ने को तैयार नहीं था। इसके बाद अंकुल ने लगातार उसके मुंह पर मुक्के मारकर खुद को छुड़ाने की कोशिश की। करीब दस मिनट तक चले इस संघर्ष के बाद आखिरकार तेंदुए ने उनका हाथ छोड़ दिया। उधर अंकुल की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों को देखते ही तेंदुआ भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे घेर लिया और रस्सियों से बांधकर काबू में कर लिया। कुछ देर बाद तेंदुआ शांत होकर खेत में ही बैठ गया।
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर ले गई। हमले में अंकुल भार्गव के हाथ में गंभीर चोट आई है, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से जंगली जानवरों की गतिविधियां देखी जा रही थीं। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वहीं वन विभाग ने आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की सलाह दी ।


















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































