A 13-foot-long python was successfully rescued by the brave Nazrun Nisha in just three minutes.
  • March 20, 2026
  • kamalkumar
  • 0

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क  कुकरा खीरी : पलिया क्षेत्र स्थित दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन के अंतर्गत सिंगय्यीहा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब किसानों ने खेत में एक विशालकाय बर्मीज पाइथन (अजगर) देखा। करीब 13 फीट लंबे और लगभग 30 किलो वजनी इस अजगर की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान वन विभाग की जांबाज एक्सपर्ट नाजरुन निशा ने महज 3 मिनट के भीतर इस भीमकाय अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। उनके साहस और कुशलता की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है।

विशेषज्ञों के अनुसार, बर्मीज पाइथन दुनिया के पांच सबसे बड़े सांपों में से एक है, जिसकी लंबाई 20 फीट तक हो सकती है। यह जहरीला नहीं होता, लेकिन कन्सट्रिक्टर होने के कारण अपने शिकार को जकड़कर मार देता है। यह प्रजाति आमतौर पर दलदली और घने जंगलों में रहती है, लेकिन भोजन या तापमान के कारण कभी-कभी रिहायशी इलाकों की ओर आ जाती है। वन विभाग की टीम ने अजगर को पकड़ने के बाद सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया। अधिकारियों ने बताया कि यह संरक्षित प्रजाति है और इसे नुकसान पहुंचाना दंडनीय अपराध है। नाजरुन निशा ने बताया कि वह अब तक 100 से अधिक सांपों और 10 मगरमच्छों का सफल रेस्क्यू कर चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 2022 में दुधवा नेशनल पार्क में अभिप्रेरक के पद पर कार्य शुरू किया था। वन्यजीवों के प्रति विशेष लगाव के चलते उन्हें विभाग द्वारा विशेषज्ञों से प्रशिक्षण दिलाया गया, जिसके बाद वह इस कार्य में निपुण हो गईं। वर्तमान में वह वन विभाग की टीम के साथ मिलकर न सिर्फ रेस्क्यू ऑपरेशन कर रही हैं, बल्कि ग्रामीणों को वन्यजीवों से बचाव के प्रति जागरूक भी कर रही हैं वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि कहीं भी वन्यजीव दिखाई दे तो स्वयं जोखिम न उठाएं, बल्कि तुरंत विभाग को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *