राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क धौरहरा खीरी : थाना ईसानगर क्षेत्र के हसनपुर कटौली गांव में सोमवार को अदालत के आदेश पर मकान गिराने पहुंची प्रशासनिक टीम को उस समय भारी विरोध का सामना करना पड़ा, जब मकान मालिक अपने परिवार के साथ गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गया। करीब दो घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और प्रशासन ने समझाकर परिवार को नीचे उतारा।
सोमवार सुबह उपजिलाधिकारी शशिकांत मणि और क्षेत्राधिकारी शमशेर बहादुर सिंह भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे थे। जैसे ही प्रशासन ने मकान ध्वस्तीकरण की तैयारी शुरू की, मकान मालिक बृजेश सिंह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गया। यह देख मौके पर हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए। करीब दो घंटे तक अधिकारी और पुलिसकर्मी परिवार को समझाने का प्रयास करते रहे। काफी मशक्कत के बाद परिवार को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इसके बाद पुलिस ने बृजेश सिंह को हिरासत में ले लिया।
इसी दौरान भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के जिलाध्यक्ष दिलबाग सिंह अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई के विरोध में धरने पर बैठ गए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पहले पीड़ित परिवार के रहने की व्यवस्था की जाए, उसके बाद ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों के अनुसार जिस जमीन पर मकान बना है, वह पहले जगदंबा के नाम दर्ज थी और बाद में वसीयत के आधार पर राजा अभिनाश सिंह व इरा सिंह के नाम हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने राजा अभिनाश सिंह से जमीन खरीदी थी, लेकिन उसकी रजिस्ट्री नहीं हो सकी। बाद में उक्त जमीन का बैनामा शिवशंकर सेठ के नाम हो गया, जिसके बाद मामला न्यायालय पहुंच गया बताया जाता है कि लंबी सुनवाई के बाद 22 जनवरी 2026 को न्यायालय ने बृजेश सिंह के मकान को गिराने का आदेश दिया था। जमीन के खरीदार पक्ष का कहना है कि अदालत से बेदखली का आदेश मिल चुका है और प्रशासन उसी आदेश के अनुपालन में कार्रवाई कर रहा है उपजिलाधिकारी शशिकांत मणि ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुपालन में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। विरोध के कारण कुछ देर बाधा आई थी, लेकिन प्रशासन आदेश का पालन किया जा रहा है।



















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































