राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : थाना मैलानी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कुकहापुर में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 55 वर्षीय किसान का शव गांव के बाहर बाग में पेड़ से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
खेत जाने की बात कहकर निकले थे घर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कुकहापुर निवासी अमेरिका प्रसाद वर्मा (55) पुत्र रामलाल शनिवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकले थे। जब दोपहर तक वह वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। दोपहर करीब 3 बजे परिवार के ही एक बुजुर्ग जब मवेशियों के लिए चारा लेने बाग की तरफ गए, तो उन्होंने अमेरिका प्रसाद का शव आम के पेड़ से रस्सी के फंदे पर लटका देखा। शराब पीकर आत्मघाती कदम उठाने की आशंका घटनास्थल का नजारा देख ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर मृतक की चप्पलें पेड़ के नीचे सलीके से रखी मिलीं। चौंकाने वाली बात यह रही कि शव के पास ही कच्ची शराब की दो खाली और दो भरी हुई पन्नियां भी पड़ी मिलीं। मौके के हालातों से अंदेशा लगाया जा रहा है कि मृतक ने पहले शराब का सेवन किया और उसके बाद फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। परिवार में मचा कोहराम
मृतक अपने पीछे चार बेटों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके तीन बेटे सोनू, अंकित और विवेक गांव में ही रहते हैं, जबकि एक पुत्र कानपुर में अपनी मौसी के पास रहता है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतक की पत्नी और बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है।




























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































