राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : मोहम्मदी वनरेंज की बिलहरी बीट के कोटखेरवा गांव में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बकरी चराने गई 18 वर्षीय युवती राजप्रभा पर एक बाघ ने अचानक हमला कर दिया. बाघ के इस अप्रत्याशित हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि ग्रामीणों के शोर मचाने पर बाघ युवती को छोड़कर एक बकरी को दबोच कर गन्ने के खेत में घुस गया. घटना के बाद वन विभाग और पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है कोटखेरवा गांव निवासी लालता प्रसाद की बेटी राजप्रभा अपनी बकरियां चराने के लिए गांव के समीप एक सरसों के खेत में गई थी. उसके साथ गांव की अन्य महिलाएं मीना देवी, किरन राज, सोमा देवी और रामवती भी मौजूद थीं. दोपहर करीब 12 बजे अचानक गन्ने के खेत से निकलकर एक बाघ ने राजप्रभा पर पीछे से हमला कर दिया. बाघ के इस अचानक हमले से राजप्रभा चीखने लगी, जिसे सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों और साथ मौजूद महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया. ग्रामीणों के तेज शोरगुल के कारण बाघ राजप्रभा को छोड़कर भागा, लेकिन उसने एक बकरी पर झपट्टा मारा और उसे दबोच कर पास के सुनील कुमार के गन्ने के खेत में घुस गया ग्रामीणों ने तुरंत घायल राजप्रभा को बाघ के चंगुल से बचाया. बाघ के हमले से युवती बुरी तरह जख्मी हो गई थी. ग्रामीणों ने तत्काल उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला भेजा, जहां उसका उपचार चल रहा है. उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है
घटना की सूचना मिलते ही गांव में सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए. उन्होंने गन्ने के खेत को चारों तरफ से घेर लिया. ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 और वन विभाग को घटना की जानकारी दी. ग्रामीणों का आरोप है कि बाघ काफी समय से इस क्षेत्र में देखा जा रहा था और इसकी सूचना वन विभाग को पहले भी दी गई थी, लेकिन विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिसके कारण यह घटना हुई सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष हैदराबाद सुनील कुमार मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उनके साथ वन विभाग के कर्मचारी भी मौजूद थे. मौके का मुआयना करने के बाद तत्काल डीएफओ साउथ तापस मिहिर और रेंजर मोहम्मदी निर्भय प्रताप शाही भी घटनास्थल पर पहुंचे. वन अधिकारियों ने बाघ की लोकेशन ट्रेस करने के लिए गन्ने के खेत के चारों कोनों पर चार ट्रेप कैमरे लगवाए हैं, ताकि बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके. रेंजर निर्भय प्रताप शाही ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि बाघ द्वारा दबोची गई बकरी के लिए मुआवजा दिलाया जाएगा. वन विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और बाघ को सुरक्षित रूप से पकड़ने के प्रयास किए जा रहे है।




























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































