राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : धौरहरा थाना क्षेत्र के ग्राम भऊवापुर निवासी एक किसान के बेटे ने देश की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र और जिले का नाम रोशन कर दिया है। किसान जगदीश वर्मा के पुत्र सचिन वर्मा ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में 785वीं रैंक हासिल कर भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए चयनित होकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता से गांव से लेकर पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। सचिन वर्मा का जन्म एक साधारण किसान परिवार में हुआ। उनके पिता जगदीश वर्मा खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि उनकी माता रमादेवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद सचिन ने मेहनत और लगन से पढ़ाई जारी रखी। उनकी प्रारंभिक शिक्षा लखीमपुर के एलपीएस स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा प्राप्त कर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की। कई वर्षों की कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयासों के बाद इस बार उन्होंने सफलता हासिल की।
अपनी सफलता पर सचिन वर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि उनके माता-पिता और शिक्षकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा, “ग्रामीण परिवेश में रहते हुए भी मेरे माता-पिता ने हमेशा मुझे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। किसान परिवार से होने के कारण मैं समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की सेवा करना चाहता हूं। IPS अधिकारी बनकर देश की सेवा करना मेरा सपना था, जो अब साकार हुआ है। सचिन की सफलता की खबर मिलते ही भऊवापुर गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी जताई और उनके घर पहुंचकर परिवार को बधाई दी। धौरहरा तहसील के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने भी सचिन की इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताया। जिले के अधिकारियों ने भी सचिन को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी। वर्तमान में यूपीएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे कई युवा सचिन वर्मा को अपना आदर्श मान रहे हैं। सचिन की यह सफलता न केवल धौरहरा तहसील, बल्कि पूरे लखीमपुर खीरी जिले और ग्रामीण समाज के लिए गर्व का विषय बन गई है। यह उपलब्धि साबित करती है कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।




























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































