राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : नगर के खुटार रोड स्थित मोहल्ला पश्चिमी दीक्षिताना में शुक्रवार को संपत्ति विवाद के चलते एक परिवार में तनाव की स्थिति बन गई। मृतक की पत्नी ने संपत्ति में हिस्सा मिलने तक अपने पति का अंतिम संस्कार कराने से इंकार कर दिया, जिसके बाद मौके पर पुलिस को तैनात करना पड़ा। मोहल्ला पश्चिमी दीक्षिताना निवासी रामू राजपूत का परिजनों के साथ काफी समय से संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि रामू राजपूत लंबे समय से बीमार थे और उनका इलाज जिला अस्पताल ओयल (लखीमपुर) में चल रहा था। परिजनों के अनुसार डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया था, लेकिन लखनऊ ले जाने की तैयारी के दौरान ही उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी सुनीता राजपूत का आरोप है कि परिवार में संपत्ति के बंटवारे में उन्हें और उनके पति को हिस्सा नहीं दिया गया। इसी को लेकर उन्होंने अंतिम संस्कार कराने से मना कर दिया और साफ कहा कि जब तक बंटवारे में मिलने वाला हिस्सा नहीं दिया जाएगा, तब तक अंतिम संस्कार नहीं होने देंगी। मामले की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को देखते हुए एहतियातन मृतक के घर पर पुलिस तैनात कर दी गई है, ताकि किसी प्रकार का विवाद या बवाल न हो। मौके पर कोतवाली में तैनात क्राइम इंस्पेक्टर संतोष सिंह यादव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह तथा महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास कर रही है।






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































