राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने सोमवार को कार्यालय कक्ष में निर्माणाधीन रामवन गमन मार्ग, प्रयागराज एयरपोर्ट–कौशाम्बी मार्ग सहित एनएचएआई एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड, दयाशंकर से निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित उप जिलाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर भूमि से जुड़ी सभी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराते हुए निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाय। रामवन गमन मार्ग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि संबंधित उप जिलाधिकारी एवं अतिरिक्त मजिस्ट्रेट से समन्वय बनाकर भूमि विवादों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आये। वहीं पीएमजीएसवाई की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सहायक अभियंता को महगांव से बलीपुर टाटा सड़क मार्ग के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये। बैठक में अपर जिलाधिकारी शालिनी प्रभाकर, अपर जिलाधिकारी ओम प्रकाश सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।






































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































