राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखीमपुर खीरी : महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर मनाए जा रहे शहीद दिवस के अवसर पर सीएमओ कार्यालय सभागार में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके पश्चात मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने कहा कि महात्मा गांधी सत्य, अहिंसा, समानता और मानव सेवा के प्रतीक थे। उन्होंने समाज से भेदभाव मिटाने और प्रत्येक व्यक्ति को
सम्मानजनक जीवन देने का संदेश दिया। गांधी जी का मानना था कि किसी भी बीमारी से पीड़ित व्यक्ति के साथ तिरस्कार नहीं, बल्कि सहानुभूति और सेवा का भाव रखा जाना चाहिए।
सीएमओ ने बताया कि शहीद दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 30 जनवरी 2026 से 13 फरवरी 2026 तक जनपद में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य कुष्ठ रोग को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना और समय पर उपचार के लिए लोगों को प्रेरित करना है। इस वर्ष अभियान का संदेश है
जल्द इलाज, विकलांगता से बचाव तथा भेदभाव समाप्त कर गरिमा सुनिश्चित करें। उन्होंने जानकारी दी कि कुष्ठ रोग एक जीवाणुजनित बीमारी है और यह पूरी तरह उपचार योग्य है। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर इसकी दवाएं (एमडीटी) निःशुल्क उपलब्ध हैं। शरीर पर हल्के रंग के सुन्न धब्बे, हाथ-पैरों में सुन्नता या कमजोरी, नसों में दर्द, त्वचा पर चकत्ते या गांठ जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करना चाहिए। समय पर उपचार से विकलांगता से बचाव संभव है। डॉ. गुप्ता ने स्पष्ट किया कि कुष्ठ रोग को लेकर समाज में फैली अनेक भ्रांतियां निराधार हैं। यह रोग छूने, साथ बैठने या बातचीत करने से नहीं फैलता और उपचार शुरू होते ही संक्रमण का खतरा काफी कम हो जाता है। उन्होंने अपील की कि मरीजों के साथ भेदभाव न कर सहयोग और सम्मान का व्यवहार किया जाए। जागरूकता अभियान के दौरान स्वास्थ्य टीमें गांव-गांव जाकर लोगों को रोग के लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी देंगी। इस दौरान जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य कर्मियों एवं आमजन को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक प्रतिज्ञा भी दिलाई गई। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. एसपी मिश्रा ने भी कुष्ठ रोग पर विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. आरएम गुप्ता, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रमोद वर्मा, डिप्टी सीएमओ डॉ. धनीराम भार्गव, डीएमओ हरिशंकर, डीएलसी डॉ. हरिकृष्णा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































