राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : नंदी वाणी पब्लिक स्कूल परिसर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला एनुअल स्पोर्ट्स वीक 2025 बुधवार को उत्साह और उमंग के साथ प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम में डीआईओएस कौशांबी राजेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य ललित चौरसिया ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद विद्यालय की स्टूडेंट काउंसिल टीम ने अपने बैंड के साथ मुख्य अतिथि को स्कूल ग्राउंड तक एस्कॉर्ट किया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर व दीप प्रज्वलित कर किया गया। विद्यालय की प्रबंधक ज्योति केसरवानी ने कहा कि स्पोर्ट्स मीट केवल एक कार्यक्रम भर नहीं है, बल्कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। यह बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के साथ-साथ उन्हें खेलों में करियर निर्माण के लिए प्रेरित करता है। इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा ओलंपिक मशाल प्रज्वलित कर स्कूल के स्पोर्ट्स कैप्टन ध्रुव केसरवानी को सौंपते हुए एनुअल स्पोर्ट्स वीक का आधिकारिक उद्घाटन किया गया। इस दौरान मैदान में उपस्थित विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक रिहान, वंशधारी, सुरेंद्र, गौरव, अरुण, वेद, विवेक, सिखा, ईशा, निधि, प्रदीप, दीक्षा, सरिता सहित अन्य सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।













































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































