Overloaded truck carrying sugarcane crushes school van, 19 children safe
  • January 29, 2026
  • kamalkumar
  • 0

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : मोहम्मदी–पुवाया मार्ग पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब गन्ने से लदा एक ओवरहाइट ट्रक स्कूली वैन से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक में भरा गन्ना वैन के ऊपर गिर पड़ा और वैन पूरी तरह दब गई। वैन में सवार 19 स्कूली बच्चों को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस हादसे में कुछ बच्चों को हल्की चोटें आई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूली वैन बच्चों को स्कूल से उनके घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान मोहम्मदी–पुवाया मार्ग पर सामने से आ रहे गन्ने से लदे ओवरलोड ट्रक ने वैन को टक्कर मार दी। ट्रक में लदा गन्ना वैन पर गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। मौके पर जेसीबी मशीनें और भारी क्रेन बुलाकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। क्षेत्रीय विधायक एवं दर्जा प्राप्त मंत्री लोकेंद्र प्रताप सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्वयं बचाव कार्य की निगरानी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिना समय गंवाए बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला जाए।

काफी प्रयासों के बाद जेसीबी और क्रेन की मदद से गन्ने की गांठों को हटाया गया और वैन में फंसे सभी 19 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में ओवरलोड और ओवरहाइट वाहनों को लेकर जनाक्रोश बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं कि परिवहन विभाग और पुलिस की लापरवाही के चलते ऐसे भारी वाहन सड़कों पर कैसे दौड़ रहे हैं। लोगों ने ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *