राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क हरदोई : 14 एवं 15 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु आज स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए तैनात सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेटों और संबंधित अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी तत्व के विरुद्ध कठोरतम विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए और कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए साथ ही केंद्रों के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ अभ्यर्थियों के सामान को सुरक्षित रखने हेतु व्यवस्थित क्लोक रूम और तलाशी के दौरान महिला अभ्यर्थियों की समुचित व्यवस्था पर विशेष बल दिया गया। इसके अतिरिक्त, परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छता, सुचारू विद्युत आपूर्ति और अभ्यर्थियों के लिए शुद्ध पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को समय रहते पूर्ण करने के आदेश दिए गए। सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया गया कि वे परीक्षा अवधि के दौरान अपने निर्धारित केंद्रों पर निरंतर मुस्तैद रहकर शासन की गाइडलाइन्स का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































