राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखीमपुर खीरी : जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल की संवेदनशील पहल पर तहसील लखीमपुर में प्रशासन द्वारा 50 मूकबधिर युवाओं को ठंड से राहत देने के उद्देश्य से गर्म कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर मूकबधिर युवाओं के चेहरों पर खुशी और संतोष की मुस्कान साफ दिखाई दी।
ठंडी हवाओं के बीच जब कंबल उनके हाथों में पहुंचे, तो यह केवल ठंड से बचाव का साधन नहीं रहा, बल्कि अपनापन और सुरक्षा का एहसास भी बन गया। मूकबधिर युवाओं ने इशारों के माध्यम से जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। कई युवाओं ने कंबल को गले लगाकर अपनी खुशी जाहिर की, वहीं कुछ ने इसे अपने साथियों को दिखाते हुए हर्ष प्रकट किया। इस अवसर पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी इस मानवीय पहल को सराहा। कार्यक्रम के दौरान तहसील स्तर के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि शासन-प्रशासन का उद्देश्य है कि समाज का हर वर्ग सम्मान और गरिमा के साथ जीवन यापन कर सके। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में किसी को भी असहाय नहीं छोड़ा जाना चाहिए। यह पहल केवल सहायता नहीं, बल्कि स्नेह, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश है।








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































