Rumors of gas shortages led to a crowd at the gas agency, with police deployed amid the commotion.
  • March 12, 2026
  • kamalkumar
  • 0

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : कस्बे की एकमात्र गणेश भारतगैस एजेंसी पर इन दिनों गैस किल्लत की अफवाह के चलते उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। हालात यह हैं कि सुबह होते ही एजेंसी के बाहर लंबी कतारें लग जाती हैं। गैस न मिलने की आशंका और शादी-ब्याह के सीजन के चलते ‘पहले हम-पहले हम’ की होड़ में कई बार उपभोक्ताओं के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन रही है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस बल भी तैनात करना पड़ा है।

बताया जा रहा है कि भीड़ बढ़ने का एक बड़ा कारण वे उपभोक्ता हैं, जिन्होंने पूरे साल गैस नहीं भरवाई। लंबे समय तक लेन-देन न होने के कारण उनके गैस कनेक्शन के अकाउंट निष्क्रिय (डेड) हो गए हैं। ऐसे उपभोक्ता अब अपने अकाउंट दोबारा चालू कराने और केवाईसी संबंधी औपचारिकताएं पूरी कराने के लिए एजेंसी पहुंच रहे हैं, जिससे प्रक्रिया में समय लग रहा है और भीड़ बढ़ रही है।

वहीं डबल सिलेंडर कनेक्शन वाले कई उपभोक्ता भी संभावित किल्लत की आशंका में अतिरिक्त सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े दिखाई दे रहे हैं। शादी-ब्याह का सीजन होने के कारण गैस की मांग भी अचानक बढ़ गई है। कई लोग अपने पड़ोसियों और रिश्तेदारों के गैस कार्ड पर भी सिलेंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि कार्यक्रमों में कोई दिक्कत न आए। इस संबंध में एजेंसी संचालक अवधेश शुक्ला ने स्पष्ट किया कि गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को सरकारी दरों पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भीड़ न लगाएं उधर पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने भी बयान जारी कर कहा है कि देश में एलपीजी उत्पादन में करीब 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष का घरेलू आपूर्ति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। उन्होंने बताया कि सिलेंडर बुकिंग के बाद औसतन ढाई दिन के भीतर डिलीवरी की जा रही है मंत्रालय और स्थानीय प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि घबराहट में आकर सिलेंडर की बुकिंग न करें और न ही जमाखोरी करें। साथ ही राज्य सरकारों को ईंधन की कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *