राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क हरदोई : आगामी होली और रमजान के त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। रविवार को उपजिलाधिकारी सवायजपुर मयंक कुंडू और प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज ने पुलिस बल के साथ हरपालपुर कस्बे में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
गश्त के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए ड्रोन कैमरे की मदद ली गई, जिससे कस्बे की गलियों और मकानों की छतों की सघन निगरानी की गई। एसडीएम मयंक कुंडू ने स्थानीय नागरिकों से आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की और स्पष्ट किया कि शांति भंग करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। इस दौरान पुलिस बल ने मुख्य बाजारों और चौराहों पर भ्रमण कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।










































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































