राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : डॉ. अमित पाल ने “गांव की समस्या, गांव में समाधान” कार्यक्रम के अंतर्गत आज ग्राम घनश्याम नगर उर्फ हसनपुर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं एवं जरूरी विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों एवं मांगों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाय। चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने लाभार्थियों से पुष्टाहार, पेंशन, शौचालय, राशन, कन्या सुमंगला योजना तथा आवास योजनाओं के लाभ मिलने की स्थिति जानी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छूटे हुए सभी पात्र व्यक्तियों को समयबद्ध रूप से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाय।किसानों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि अपना धान केवल क्रय केंद्रों पर ही बेचें तथा किसी भी स्थिति में पराली न जलाएं। महिलाओं को उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। शिक्षा व्यवस्था पर जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से पूछा कि शिक्षक समय से विद्यालय आते हैं या नहीं, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता कैसी है तथा पाठ्यपुस्तक वितरण समय से हुआ या नहीं। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में शिक्षक समय से आते हैं और उचित रूप से शिक्षण कार्य करते हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल जानने पर ग्रामीणों ने बताया कि निकटवर्ती प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से उत्तम स्वास्थ्य सेवाएँ प्राप्त हो रही हैं। जिलाधिकारी ने ग्राम स्थित सामुदायिक शौचालय की सफाई एवं क्रियाशीलता का भी सत्यापन कराया, जो संतोषजनक पायी गयी। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान गोल्डन कार्ड प्रदान किए तथा टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की। उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन एवं महिलाओं की गोदभराई भी करायी। जिलाधिकारी ने पंचायत राज विभाग को निर्देशित किया कि ग्राम में स्थित आर.आर.सी. केंद्र को शीघ्र क्रियाशील किया जाए। साथ ही, उच्च प्राथमिक विद्यालय, हसनपुर में 19 पैरामीटर के अंतर्गत कराए गए कार्यों का ऑन-ग्राउंड सत्यापन भी करवाया। उन्होंने सहायक विकास अधिकारी (पं.) को निर्देश दिए कि रोस्टर बनाकर विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र एवं गांव में स्वच्छता सुनिश्चित की जाय। मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने ग्रामीणों को अवगत कराया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सर्वे पूर्ण हो चुका है और पात्र व्यक्तियों को जल्द ही आवास उपलब्ध कराया जायेगा।








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































