राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क खीरी : जनता शिशु विद्यालय अलीगंज के प्रधानाध्यापक ने विद्यालय में ताला तोड़कर महत्वपूर्ण अभिलेख व नकदी गायब करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। प्रधानाध्यापक के अनुसार 15 नवंबर की शाम 3:15 बजे जनता इंटर कॉलेज अलीगंज के कुछ शिक्षकों ने विद्यालय का ताला तोड़कर दूसरा ताला लगा दिया। मामले की सूचना थाने व चौकी सहित मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि विद्यालय प्रबंधन से जुड़ा विवाद हाईकोर्ट में लंबित है, इसी रंजिश में विपक्षियों ने उनके विरुद्ध झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई है। जाँच अधिकारी एसआई प्रवीण कुमार के साथ निरीक्षण में अलमारियों के टूटे ताले और रैक में छेड़छाड़ भी मिली। प्रधानाध्यापक ने आरोप लगाया कि जाँच जारी होने के बावजूद विद्यालय गेट पर पोस्टर लगाकर उनकी छवि खराब की जा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि विद्यालय की तिजोरी से धन भी गायब किया गया है और अभिलेखों से छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।













































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































