Three criminals arrested for robbing a couple; pistol, cartridges, bike, jewellery and cash recovered
  • February 27, 2026
  • kamalkumar
  • 0

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क  कौशाम्बी : जिले में बाइक सवार दंपत्ति से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही करते हुए जेल भेजी। उक्त गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश पुलिस की एसओजी टीम व थाना चरवा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गयी। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त बाइक, लूटे गए गहने व नगदी बरामद किया गया। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजी। घटना चरवा थाना क्षेत्र के सैय्यद सरावां निवासी रमेश सिंह ने थाना चरवा में तहरीर देकर बताया था कि वह 20/21 फरवरी की भोर करीब 4 बजे अपनी पत्नी के साथ करारी के गुलामीपुर से दावत खाकर बाइक से घर लौट रहे थे उसी समय सिरियावां चौराहे के पास दो बाइक सवार चार अज्ञात युवकों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें रोककर उनकी पत्नी के पहने जेवर, मोबाइल व 1000 रुपये नकद छीनकर फरार हो गये।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने प्रभारी निरीक्षक चरवा व एसओजी प्रभारी के नेतृत्व में टीमों का गठन कर शीघ्र खुलासे के निर्देश दिये। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ायी। शुक्रवार को सूचना मिली कि घटना से जुड़े आरोपी बाइक से तेरहमील से सैय्यद सरावां की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय पुत्र वीरेंद्र, आशू पुत्र भीम और अलमान उर्फ अरमान पुत्र परवेज अहमद, निवासी मन्दर देह माफी, थाना पूरामुफ्ती, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, सफेद धातु की एक जोड़ी पायल, महिला का बैग, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, तीन मोबाइल फोन, 26,200 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे असवां चौराहे के पास लूट की नीयत से रेकी कर रहे थे। दंपत्ति को देखकर पीछा किया और सिरियावां कला चौराहे के पास ओवरटेक कर वारदात को अंजाम दिया। लूटे गए सोने के जेवर बेचकर मिले रुपये आपस में बांट लिए थे। प्रत्येक के हिस्से में 12-12 हजार रुपये आये थे जिनमें से कुछ खर्च हो चुके थे। बरामद 26,200 रुपये उसी लूट की शेष रकम है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी दोबारा वारदात की फिराक में घूम रहे थे तभी उन्हें दबोच लिया गया। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *