राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ : मड़ियांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी के एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र से चोरी की गई स्कूटी के साथ दो युवक मड़ियांव पुल के नीचे रेलवे लाइन के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही उ0नि0 अखिलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान धीरज कनौजिया उर्फ धन्नी (24) निवासी विकासनगर और लुकमान (22) निवासी गुडंबा के रूप में हुई। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की चार दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने कुछ दिन पहले इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे के पास से स्कूटी UP32HM6954 चोरी की थी और उसे बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर एक एक्टिवा, एक TVS जुपिटर और दो पैशन बाइक समेत कुल चार वाहन बरामद किए। मड़ियांव थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी धीरज कनौजिया पर पहले से भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं और उससे गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।












































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































