Villagers stage a hunger strike to protest illegal occupation of a public pond.
  • January 19, 2026
  • kamalkumar
  • 0

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशाम्बी : चायल तहसील अंतर्गत दिया उपहार गांव में स्थित सैकड़ों वर्ष पुराने सार्वजनिक तालाब पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा किये जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और तहसील प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाये हैं। न्याय न मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय स्थित डायट मैदान में अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू कर दिया है।

अनशनकारियों का नेतृत्व गांव निवासी पवन कुमार पांडे कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक प्रशासन द्वारा तालाब की भूमि को कब्जा मुक्त नहीं कराया जाता और दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा। पवन कुमार पांडे ने बताया कि ग्राम प्रधान द्वारा तालाब की जमीन पर अवैध रूप से मिट्टी डालकर कब्जा किया गया और बाद में उसे बेच दिया गया। इस संबंध में कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर ग्रामीणों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि जब प्रशासनिक स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हुई तो उन्होंने न्यायालय का सहारा लिया। कोर्ट से आदेश मिलने के बावजूद भी संबंधित एसडीएम और एडीएम द्वारा तालाब से कब्जा नहीं हटवाया गया। बल्कि शिकायत करने वाले ग्रामीणों को जेल भेजने की धमकी दिये जाने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब की भूमि से तत्काल अवैध कब्जा हटाकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवायी सुनिश्चित की जाय अन्यथा अनिश्चितकालीन आमरण अनशन जारी रहेगा। अनशन में नारायण देव पांडेय, अर्जुन सिंह, मोनू सिंह, सियाराम यादव, मोहन पासवान, मानसिंह, सुमिरन यादव, अमन शुक्ला, निसार अहमद, खालिद अहमद खान, विनोद केसरवानी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *