
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ ,नोएडा । नोएडा स्टेडियम के गेट नंबर 5 पर वन नेशन वन इलेक्शन के समर्थन में एक विशेष दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की। शिवराज सिंह ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। इस दौड़ में महिला और पुरुष दोनों ने एक साथ भाग लिया। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल भी इस आयोजन में शामिल हुए। शिवराज सिंह ने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन को हर प्रदेश में जनता का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होने चाहिए। बार-बार चुनाव होने से जनता को नुकसान होता है। प्रधानमंत्री भी एक साथ चुनाव कराने के पक्ष में हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि हर प्रदेश में वन नेशन वन इलेक्शन को समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में हर साल हर महीने चुनाव होते रहते हैं। इन चुनावो की वजह से विकास कार्यों पर भी फर्क पड़ता है, इसलिए एक साथ चुनाव होने चाहिए। कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इनमें राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, नोएडा विधायक पंकज सिंह, सांसद महेश शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर और नोएडा अध्यक्ष महेश चौहान शामिल थे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।