“West Bengal Election 2026: चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए मुख्य सचिव और DGP समेत 10 अधिकारियों का तबादला कर दिया है। राज्य में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा।“
नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य के 10 वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर दिया है। आयोग ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) के पद पर पीयूष पांडे की जगह सिद्धनाथ गुप्ता को नियुक्त किया है।
इसके अलावा राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती को पद से हटाकर 1993 बैच के आईएएस अधिकारी दुष्यंत नरियाला को नया मुख्य सचिव बनाया गया है। वहीं, अजय कुमार नंद को कोलकाता का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है।
चुनाव आयोग ने राज्य के गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा की जगह 1997 बैच की आईएएस अधिकारी संघमित्रा घोष को गृह सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है। आयोग के आदेश के अनुसार यह सभी निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है, उन्हें चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी चुनाव संबंधी पद पर तैनात नहीं किया जाएगा।
दो चरणों में होंगे बंगाल चुनाव
चुनाव आयोग ने रविवार को पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा की थी। पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी।
तैयारियों की समीक्षा के बाद फैसला
चुनाव आयोग ने कहा कि राज्य में चुनाव की घोषणा के बाद प्रशासनिक तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रशासनिक बदलाव किए जा रहे हैं।
राज्यपाल भी बदले गए
इससे पहले 5 मार्च को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस ने इस्तीफा दे दिया था। उनकी जगह आर. एन. रवि को राज्य का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
ममता बनर्जी के सामने चौथी बार सरकार बनाने की चुनौती
गौरतलब है कि राज्य में पिछले 14 वर्षों से ममता बनर्जी मुख्यमंत्री हैं। यदि 2026 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस जीत हासिल करती है तो ममता बनर्जी लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड बना सकती हैं।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































