, वॉशिंगटन
वेनेजुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिका की ओर से नाटकीय ढंग से पकड़े जाने के बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की का बड़ा बयान सामने आया है। जेलेंस्की ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ओर इशारा करते हुए कहा कि वाशिंगटन अब तानाशाहों से निपटने के लिए आगे क्या करना है यह जानता है।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब जेलेंस्की से मादुरो की गिरफ्तारी पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा मैं क्या कह सकता हूं? अगर तानाशाहों के साथ ऐसा किया जा सकता है, तो अमेरिका जानता है कि अगला कदम क्या होना चाहिए। उनका यह बयान साफ तौर पर रूसी राष्ट्रपति पुतिन की ओर संकेत माना जा रहा है।
इस बीच रूस ने अमेरिका से मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को रिहा करने की अपील की है। रूसी विदेश मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि मादुरो वेनेजुएला के वैध रूप से चुने गए राष्ट्रपति हैं और अमेरिका को उन्हें तुरंत रिहा करना चाहिए। रूस ने यह भी जोर दिया कि अमेरिका और वेनेजुएला के बीच विवादों का समाधान बातचीत के जरिए होना चाहिए।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अनुसार, मादुरो और उनकी पत्नी को कारा कास से एक संयुक्त अभियान में पकड़ा गया और अमेरिका लाया गया। उन पर न्यूयॉर्क के साउदर्न डिस्ट्रिक्ट में ड्रग तस्करी और नार्को-आतंकवाद से जुड़े आरोप लगाए गए हैं। ट्रंप ने कहा कि दोनों को अमेरिकी अदालत में पेश किया जाएगा। अमेरिका ने मादुरो की हथकड़ियों में ‘पर्प वॉक’ का वीडियो भी जारी किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में रखा जाएगा, जो अपनी खराब और अमानवीय परिस्थितियों के लिए कुख्यात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *