राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव का शुभारंभ किया। वीर क्रांतिकारियों को नमन करते हुए उनको श्रद्धांजलि दी। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए क्रांतिकारियों के जीवन पर प्रकाश डाला।
काकोरी में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन भारत के स्वतंत्रता संग्राम का एक महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने बताया कि ब्रिटिश हुकूमत द्वारा भारत का धन ब्रिटेन ले जाया जा रहा था। जिसे रोकने के लिए क्रांतिकारियों ने काकोरी ट्रेन एक्शन को अंजाम दिया था। इस घटना का मुख्य उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम के लिए धनराशि जुटाना था। जिससे क्रांतिकारी गतिविधियों को मजबूती मिल सके और भारत की आज़ादी के लिए इसका सही उपयोग हो सके। उन्होंने आगे कहा कि ब्रिटिश हुकूमत ने इन क्रांतिकारियों को गिरफ्तार करने और उन्हें सजा दिलाने के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि खर्च की थी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर देश के सभी वीर सपूतों को नमन करते हुए कहा कि उनका बलिदान आज भी हमें प्रेरणा देता है और हम उनके बलिदान को कभी नहीं भूल सकते। इस दौरान बच्चों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए।