एंटरटेनमेंट
माही विज और जय भानुशाली की शादीशुदा जिंदगी में अलगाव की खबरें काफी वक्त से चल रही थीं। आज इन पर मुहर लग गई है। दोनों की राहें अलग हो गई हैं। जय और माही ने एक साझा सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अलग होने का एलान किया है। साथ ही यह भी कहा है कि वे अपने बच्चों की परवरिश साथ करेंगे। बच्चों के अभिभावक और अच्छे दोस्त बने रहेंगे। तलाक के एलान के कुछ देर बाद माही ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक अन्य पोस्ट शेयर किया है।
माही विज ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी फोटोज शेयर की हैं। एक तस्वीर में वे चॉकलेट स्ट्रॉबेरी आइसक्रीम एंजॉय करती दिख रही हैं। इसके साथ उन्होंने ‘द एक्सपोज रिटर्न’ फिल्म का हिमेश रेशमिया का गाना ‘आइसक्रीम खाऊंगी’ बैकग्राउंड में लगाया है।
इसके अलावा माही ने एक अन्य तस्वीर भी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की है। इसमें वे ब्लैक शॉर्ट्स और फिरोजी कलर का बैकलेस टॉप पहने पोज देती दिख रही हैं। माही विज ने जय से अलग होने के एलान से पहले एक अन्य पोस्ट भी इंस्टा स्टोरी पर शेयर किया था। इसमे लिखा था, ‘ईश्वर की योजना। मैं यूनिवर्स पर विश्वास करूंगी’।
जय भानुशाली और माही विज की शादी साल 2011 में हुई थी। साल 2017 में कपल ने अपने हाउस हेल्प के बच्चों राजवीर और खुशी को गोद लिया था। इसके दो साल बाद साल 2019 में माही ने बेटी तारा को जन्म दिया। सेपरेशन के एलान के साथ कपल ने यह स्पष्ट किया है कि अपने तीनों बच्चों की खातिर वे साथ रहेंगे। उन्होंने कहा कि भले ही वे पति-पत्नी के रूप में साथ न हों, लेकिन एक-दूसरे के लिए सम्मान, सहयोग और दोस्ती हमेशा बनी रहेगी।




























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































