डीसी।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनके देश ने वेनेजुएला और उसके नेता राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। इस कार्रवाई में राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया गया है और उन्हें देश से बाहर ले जाया गया है। यह अभियान अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर किया गया। आगे और जानकारी दी जाएगी। आज सुबह 11 बजे मार-ए-लागो में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।
इससे पहले समाचार ने जानकारी दी थी कि वेनेजुएला की राजधानी में शनिवार तड़के अचानक दहशत का माहौल बना,जब शहर के कई इलाकों में तेज धमाकों की आवाजें सुनी गईं। स्थानीय समयानुसार रात करीब दो बजे (GMT 6 बजे) कम से कम सात जोरदार धमाके सुनाई दिए, वहीं आसमान में नीची उड़ान भरते विमानों की आवाज भी लोगों ने सुनी। रिपोर्ट में बताया गया था कि राष्ट्रपति मादुरो ने देश में राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा कर दी है। धमाकों की आवाज सुनते ही कई इलाकों में लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। रिपोर्ट के अनुसार, कुछ स्थानों पर लोग सड़कों पर जमा होकर आसमान की ओर देखते नजर आए।
हालांकि, तब इन धमाकों की वजह और स्रोत को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। अब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद ट्रुथ सोशल पर इसकी जानकारी साझा की है।




































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































