“लोकसभा में पीएम मोदी के घेराव को लेकर विवाद बढ़ा। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस की महिला सांसदों का वीडियो जारी किया, कांग्रेस ने आरोपों को किया खारिज। पूरी खबर पढ़ें।”
हाइलाइट्स :
• किरेन रिजिजू ने 4 फरवरी की लोकसभा कार्यवाही का वीडियो किया शेयर
• कांग्रेस महिला सांसदों पर पीएम मोदी की सीट का घेराव करने का आरोप
• कांग्रेस ने आरोपों को नकारते हुए कहा— हम सिर्फ बैनर पकड़े थे
• भाजपा महिला सांसदों ने स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर शिकायत की
• राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब टलने से बढ़ा विवाद
नई दिल्ली। लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथित घेराव को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने मंगलवार को एक वीडियो जारी करते हुए दावा किया कि 4 फरवरी को कांग्रेस की महिला सांसदों ने पीएम मोदी की सीट तक पहुंचकर घेराव करने की कोशिश की थी।
किरण रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर लोकसभा की कार्यवाही का वीडियो साझा किया। उन्होंने कहा कि वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कांग्रेस की महिला सांसद बैनर और प्लेकार्ड लेकर ट्रेजरी बेंच की ओर बढ़ रही थीं और प्रधानमंत्री की सीट को घेरने की स्थिति बना रही थीं।
‘स्थिति बिगड़ सकती थी’ — रिजिजू
रिजिजू ने लिखा, “अगर भाजपा सांसदों को नहीं रोका जाता और महिला सांसदों को कांग्रेस सांसदों से भिड़ने से नहीं बचाया जाता, तो संसद में बहुत बुरा सीन हो सकता था। संसद की गरिमा बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसदों के इस व्यवहार से भाजपा की महिला सांसद नाराज़ हो गई थीं और हालात हाथापाई तक पहुंच सकते थे।
स्पीकर के चैंबर तक पहुंचा मामला
केंद्रीय मंत्री के अनुसार, घटना के बाद कांग्रेस सांसद स्पीकर ओम बिरला के चैंबर तक पहुंचे और दबाव बनाने की कोशिश की। इसके बाद भाजपा की महिला सांसदों ने स्पीकर को लिखित शिकायत देकर विपक्ष के व्यवहार पर आपत्ति जताई।
कांग्रेस का जोरदार पलटवार
इन आरोपों पर कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बैनर पकड़ना कोई अपराध नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि वीडियो में नया क्या है।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सदन में इसलिए नहीं आए क्योंकि वे जवाब देने से “डरे हुए” थे। कांग्रेस का कहना है कि पूरे मामले को बेवजह तूल दिया जा रहा है।
क्यों टला पीएम मोदी का भाषण?
यह विवाद उस दिन सामने आया, जब प्रधानमंत्री मोदी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देना था। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि उन्हें पुख्ता जानकारी मिली थी कि कुछ सांसद कार्यवाही बाधित कर सकते हैं, जिसके बाद भाषण स्थगित कर दिया गया।

































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































