• December 5, 2024
  • kamalkumar
  • 0

 

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क

लखीमपुर खीरी: पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा के निर्देशन में गोला तहसीलदार सुखवीर सिंह और राजस्व टीम ने गुरुवार को कुख्यात गौ तस्कर मतीन और अब्दुल गनी की करीब 5.55 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति की कुर्की की। यह कार्रवाई थाना गोला क्षेत्र के ग्राम भुड़वारा में हुई, जहां मतीन और अब्दुल गनी के नाम पर स्थित एक मकान और 4000 वर्ग मीटर ज़मीन कुर्क की गई। कुर्क की गई संपत्ति की कुल कीमत 5 करोड़ 55 लाख 23 हजार 646 रुपये बताई गई है।


कुर्की कार्रवाई के विवेचक हैदराबाद थाना प्रभारी शिवाजी दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट (धारा 2ख(1)/3) के तहत की गई। उन्होंने बताया कि मतीन पुत्र रहीम बक्स और अब्दुल गनी उर्फ़ ग्यानी पुत्र हबीब के खिलाफ थाना गोला क्षेत्र के ग्राम भुड़वारा में यह कार्रवाई की गई, जिनके खिलाफ कुल 23 मुकदमे दर्ज हैं। इन आरोपितों ने अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित की थी, जिस पर अब पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की है।


उन्होंने यह भी बताया कि कुर्क की गई संपत्ति में एक मकान (गाटा संख्या 743) और 4000 वर्ग मीटर ज़मीन शामिल है। इस मामले में जिला मजिस्ट्रेट लखीमपुर द्वारा 23 नवंबर 2024 को कुर्की का आदेश जारी किया गया था।

पुलिस अब मतीन और अब्दुल गनी के अन्य अवैध संपत्तियों का पता लगाने और उन पर आवश्यक विधिक कार्रवाई करने की प्रक्रिया में है। यह कदम गौ तस्करी और अन्य अपराधों में लिप्त माफियाओं के खिलाफ पुलिस की लगातार कोशिशों का हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *