Ajit Pawar Cremation Live Updates: “महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बारामती में प्लेन क्रैश में निधन। आज राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, अमित शाह, नितिन गडकरी समेत कई नेता मौजूद।“
हाइलाइट्स :
- बारामती में राजकीय सम्मान के साथ अजित पवार का अंतिम संस्कार
- ‘अजित दादा अमर रहें’ के नारों से गूंजा विद्या प्रतिष्ठान मैदान
- अमित शाह, नितिन गडकरी, देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे रहे मौजूद
- बेटे जय और पार्थ पवार ने निभाई अंतिम रस्में
- महाराष्ट्र में 3 दिन का राजकीय शोक घोषित
बारामती (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय अजित पवार का गुरुवार, 29 जनवरी 2026 को बारामती के कटेवाड़ी में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। सुबह करीब 9 बजे उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में राजनीतिक नेता, प्रशासनिक अधिकारी और आमजन शामिल हुए।
खबरों के अनुसार, बुधवार को बारामती में हुए एक चार्टर्ड विमान हादसे में अजित पवार का निधन हो गया था। बताया गया कि वे अगले महीने होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों के सिलसिले में प्रचार के लिए रवाना हो रहे थे। सुबह 8:10 बजे उन्होंने चार्टर्ड प्लेन से उड़ान भरी, जबकि करीब 8:45 बजे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना सामने आई। इस हादसे में उनके साथ यात्रा कर रहे पांच अन्य लोगों की भी मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों बेटों ने दी मुखाग्नि
राजकीय सम्मान के साथ हुए अंतिम संस्कार में अजित पवार के दोनों बेटों ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान महाराष्ट्र पुलिस की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और राजकीय परंपराओं का पालन किया गया।
दिग्गज नेताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि
स्व. अजित पवार को श्रद्धांजलि देने वालों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत समेत कई केंद्रीय व राज्य स्तर के नेता शामिल रहे। सभी ने उनके असामयिक निधन को महाराष्ट्र की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
जांच की मांग पर सीएम की अपील
विमान हादसे की जांच की मांग को लेकर उठी आवाज़ों के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह गहरे दुख का समय है और ऐसे मौके पर राजनीति से ऊपर उठकर संवेदना दिखानी चाहिए। राज्य सरकार ने अजित पवार के निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।
अजित पवार के निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में शोक की लहर है। समर्थकों और कार्यकर्ताओं में गहरा दुख देखा जा रहा है, वहीं प्रशासन ने शांति और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।





























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































