लखनऊ –  सरदार पटेल की प्रतिमा अनावरण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निमंत्रण देने आए गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी को राजधानी में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा।

गुजरात में यूपी, बिहार के लोगों पर हमले और पलायन के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वीवीआईपी गेस्ट हाउस के बाहर रुपाणी के खिलाफ नारेबाजी की और काले झंडे दिखाए। प्रदेश कांग्रेस के सचिव श्रोत गुप्ता सहित कई कार्यकर्ताओं को पुलिस हजरतगंज थाने ले गई। उनकी रिहाई के लिए कांग्रेसियों ने रात में जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पर धरना दिया। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी रविवार शाम लखनऊ पहुंचे। वीवीआईपी गेस्ट हाउस पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रुपाणी के खिलाफ नारेबाजी की और उन्हें काले झंडे दिखाए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। थोड़ी देर तक चले हंगामे के बाद कार्यकर्ताओं को पकड़कर हजरतगंज थाने में ले गई। कांग्रेस प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने कहा कि भाजपा और योगी सरकार जनविरोधी है। गुजरात में यूपी के लोगों को अपमानित और प्रताड़ित कर भगाया जा रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुजरात के मुख्यमंत्री का स्वागत कर रहे हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *