राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क।
फर्रुखाबाद/इटावा। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने शनिवार को एक पेड़ मां के नाम जन अभियान 2024 के अंतर्गत पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मंत्री उपाध्याय ने फर्रुखाबाद और इटावा में प्रभारी मंत्री के रूप में इस महत्त्वपूर्ण अभियान का नेतृत्व करते हुए पौधरोपण किया।
कार्यक्रम के दौरान, मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा, वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। पेड़ न केवल हमारे वातावरण को शुद्ध रखते हैं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करते हैं। हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह पर्यावरण की सुरक्षा के लिए कम से कम एक पेड़ लगाए और उसकी देखभाल करे। कार्यक्रम में स्थानीय प्रशासन, शैक्षिक संस्थानों के छात्र-छात्राएं, और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।