राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव एक नये विवाद में फंस गए हैं। बिहार बीजेपी के एक्स हैंडल से लालू यादव के जन्मदिन का एक वीडियो जारी कर उनपर संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का अपमान करने के आरोप लगे हैं।बीजेपी ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा- ‘लालू प्रसाद जी और उनके परिवार का अहंकारी आचरण तो सब जानते हैं। मगर अहंकार में चूर होकर लालू जी पूज्य बाबा साहब अंबेडकर का ऐसा अपमान करेंगे? शर्मनाक। शर्म करो लालू परिवार!वीडियो में दिख रहा है कि लालू यादव अपने आवास पर जन्मदिन के मौके पर एक कुर्सी पर बैठे हैं। तभी कुछ कार्यकर्ता वहां आते हैं। उनके हाथ में अंबेडकर की तस्वीर है। लालू यादव एक पैर पर दूसरा पैर चढ़ाकर कुर्सी पर बैठे रहते हैं तभी वह कार्यकर्ता अंबेडकर की तस्वीर उनके पैर के सामने रखकर तस्वीर क्लिक करवाता है। दरअसल, वीडियो में कार्यकर्ता का भाव देखकर ऐसा लग रहा है कि जैसे वह लालू यादव को अंबेडकर की तस्वीर भेंट कर रहा है।अब इस वीडियो को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रमुख और बिहार सरकार में मंत्री संतोष कुमार सुमन ने इस वीडियो को लेकर लालू यादव पर हमला किया है। संतोष सुमन ने कहा- ‘मेरी नजर में एक वीडियो आया है। जिस तरह से लालू प्रसाद यादव ने हमारे संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर की तैल चित्र का अपमान किया है, जो निश्चित तौर पर देश का अपमान है, संविधान का अपमान है। जो लोग संविधान की दुहाई देते हैं और संविधान के नाम पर राजनीति करते हैं, वो अगर संविधान इस तरह से बाबा साहब अंबेडकर का अपमान करेंगे तो देश उन्हें माफ नहीं करेगा। आने वाले चुनाव में बिहार का दलित पिछड़ा उन्हें सजा देगा, यह घोर निंदनीय है, यह अपराध की श्रेणी में आता है। इसमें लालू यादव को माफी मांगनी चाहिए।’



















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































