राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़। मेघालय में कैबिनेट फेरबदल से पहले आठ मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया, जिनमें वरिष्ठ नेता एएल हेक, पॉल लिंगदोह और एंपरीन लिंगदोह शामिल हैं। मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने राज्यपाल को इस्तीफे सौंपे और नए मंत्रियों को मंगलवार शाम शपथ दिलाई जाएगी।मेघालय में मंगलवार को होने वाले कैबिनेट फेरबदल से पहले आठ मंत्रियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इन नेताओं में वरिष्ठ मंत्री एएल हेक, पॉल लिंगदोह और एंपरीन लिंगदोह शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि कैबिनेट में नए चेहरों को जगह देने के मकसद से ये इस्तीफे दिए गए हैं। नेशनल पीपल्स पार्टी (एनपीपी) के नेतृत्व वाले मेघालय लोकतांत्रिक गठबंधन (एमडीए) सरकार का नेतृत्व कर रहे मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने राजभवन में राज्यपाल सी.एच. विजयशंकर से मुलाकात कर मंत्रियों के इस्तीफे सौंपे। अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार शाम पांच बजे राजभवन में नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।एक अन्य अधिकारी ने बताया कि जिन आठ मंत्रियों ने इस्तीफा दिया है, उनमें एनपीपी के एंपरीन लिंगदोह, कमिंगवन यमबोन, रक्कम ए संगमा और अबू ताहेर मंडल, यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) के पॉल लिंगदोह और कर्मेन शायला, हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (एचएसपीडीपी) के शाकलियार वारजरी, और भाजपा के ए.एल. हेक शामिल हैं।इस्तीफों के बाद अब नए मंत्रियों की नियुक्ति का रास्ता खुल गया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, एनपीपी के विधायक वाइलाडमिकी शायला, सॉस्थेन्स सोहटन, ब्रेनिंग ए. संगमा और टिमोथी डी. शिरा को कैबिनेट में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा, यूडीपी प्रमुख मेटबह लिंगदोह और पूर्व मंत्री लाहक्मेन रिंबुई को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है।एचएसपीडीपी के विधायक मेथोडियस डखार को शाकलियार वारजरी की जगह कैबिनेट में शामिल किया जाएगा, जबकि भाजपा के सानबोर शुलाई को एएल हेक के स्थान पर मंत्री बनाया जाएगा। इस फेरबदल से सरकार में संतुलन और विभिन्न दलों के बीच प्रतिनिधित्व बेहतर करने की कोशिश की जा रही है।



















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































