
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ : उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने लखनऊ स्थित कैम्प कार्यालय, 7 कालिदास मार्ग पर आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “हर व्यक्ति की समस्या का हरसंभव समाधान होगा—समयबद्ध और संतुष्टिपूर्ण।”
जनता दर्शन के दौरान उपमुख्यमंत्री खुद फरियादियों के पास जाकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विशेष रूप से भूमि विवाद, अवैध कब्जे, उत्पीड़न, सड़क निर्माण, विद्युत समस्या, शिक्षा, स्वास्थ्य, दुर्घटनाएं, अतिक्रमण हटाने जैसे मामलों पर तेजी से कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि –
- हर समस्या का सम्पूर्ण और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
- संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
- जनहित के मामलों को संवेदनशीलता से लिया जाए, खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों की समस्याओं को प्राथमिकता दी जाए।
- राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें बनाकर मौके पर भेजा जाए और न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित किया जाए।
फरियादियों से संवाद करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा,
“आपकी परेशानी हमारी जिम्मेदारी है। परेशान मत होइए, समाधान भी मिलेगा और सरकार की सुविधाएं भी पूरी तरह मिलेंगी।”
जनता दर्शन में आये लोगों ने भूमि विवाद, दुर्घटनाओं से जुड़ी समस्याएं, आवास आवंटन, अभियुक्तों की गिरफ्तारी, सड़कों की हालत, बिजली की दिक्कतें और अन्य जनहित से जुड़ी समस्याएं रखीं।
उपमुख्यमंत्री ने न केवल मौके पर निर्देश दिए बल्कि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से फोन पर संपर्क कर जरूरी आदेश भी जारी किए।
इस दौरान उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि फरियादियों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और समाधान ऐसा हो जो उन्हें पूर्ण रूप से संतुष्ट करे।