• June 6, 2025
  • kamalkumar
  • 0

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क झांसी : उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने झांसी जनपद स्थित मेजर ध्यानचंद हिल पर पर्यटन सुविधाओं के विकास हेतु ₹2.16 करोड़ की लागत से कार्य प्रारंभ कर दिए हैं। इस परियोजना का उद्देश्य न केवल हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देना है, बल्कि झांसी को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करना भी है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की ऐतिहासिक भूमि झांसी में महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की स्मृति में यह कार्य किया जा रहा है। परियोजना के तहत पर्यटकों के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल सुविधा, छायादार स्थान और अन्य आवश्यक ढांचागत विकास कार्य किए जाएंगे।

मंत्री ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जन्म भले ही प्रयागराज (तत्कालीन इलाहाबाद) में हुआ हो, लेकिन उनका बाल्यकाल और जीवन का अधिकांश भाग झांसी में बीता। यहीं से उन्होंने हॉकी में उत्कृष्टता की ओर कदम बढ़ाए। 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक खेलों में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में उनकी अहम भूमिका रही। उनके अद्वितीय खेल कौशल और गोल करने की क्षमता ने उन्हें ‘मैजिशियन ऑफ हॉकी’ बना दिया। देश में उनके जन्मदिन 29 अगस्त को ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।

जयवीर सिंह ने आगे कहा कि “झांसी वीरों की भूमि है। जहां रानी लक्ष्मीबाई का शौर्य इतिहास है, वहीं मेजर ध्यानचंद जैसी महान विभूतियों की उपलब्धियां इस शहर को गौरव प्रदान करती हैं। यह विकास कार्य केवल अधोसंरचना का निर्माण नहीं है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने का माध्यम भी है।”

पर्यटन विभाग का यह प्रयास झांसी को शौर्य, खेल और संस्कृति का प्रतीक स्थल बनाकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *