राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़
सुरक्षा बलों ने मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले से विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित ‘पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलीपाक’ (पीआरईपीएके) की 22 वर्षीय एक महिला सदस्य को शुक्रवार को एंड्रो स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के दो सक्रिय सदस्यों को बृहस्पतिवार को खुरई लामलोंग और पोरोमपत इलाकों से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से एक बंदूक, गोला-बारूद और 60,300 रुपये की अवैध नकद राशि बरामद की गई।

पुलिस ने बताया कि इन उग्रवादियों पर इंफाल पूर्व में विद्यालयों, ईंट भट्ठों, अस्पतालों और दवा की दुकानों से जबरन वसूली में शामिल होने का आरोप है। सुरक्षा बल दो साल पहले जातीय हिंसा भड़कने के बाद से मणिपुर में तलाशी अभियान चला रहे हैं।

मई 2023 से मेइती और कुकी-जो समूहों के बीच जारी जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। एन. बीरेन सिंह के राज्य के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद केंद्र ने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगा दिया था। राज्य विधानसभा को निलंबित कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *