राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क
लखनऊ। लखनऊ नगर निगम के अधिकारी अब बेंगलुरु महानगर निगम की तर्ज पर कर वसूलेंगे। इसके लिए उन्होंने बेंगलुरु महानगर निगम के चीफ कमिश्नर के साथ एक बैठक की।
गोमतीनगर कार्यालय में हुई बैठक में बेंगलुरु महानगर निगम के चीफ कमिश्नर तुषार गिरि नाथ के साथ नगर आयुक्त लखनऊ नगर निगम इंद्रजीत सिंह, अपर नगर आयुक्त डा अरविंद कुमार राव , मुख्य अभियंता महेश वर्मा , मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अंबी बिष्ट आदि मौजूद रहे। बैठक में तुषार गिरि ने लखनऊ शहर की स्वच्छता और साफ-सफाई के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। साथ ही उन्होंने बेंगलुरु महानगर निगम द्वारा कर वसूली के लिए किए जा रहे कार्याे को बताया। उन्होंने बताया कि कर संग्रह के लिए नया अधिनियिम बनाया गया है। वहां पर व्यापार लाइसेंस को पूरी तरह से स्वचलित किया जा रहा है। संपत्ति कर का संग्रह डेटा के स्वचालन के कारण बेहतर हो रहा है। ड्रोन सर्वेक्षण से कर संग्रह प्रणाली तैयार की गई है। विज्ञापन और मनोरंजन कर का संग्रह किया जा रहा है। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन के संदर्भ में जल निकासी मास्टर प्लान की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने एकीकृत बाढ़ प्रबंधन सुविधा और विभिन्न विभागों की संयुक्त रैपिड एक्शन टीम बनाने का सुझाव दिया। बैठक के नगर आयुक्त इंदरजीत सिंह ने बताया कि सूचना प्रौद्योगिकी का व्यापक उपयोग करने की योजना बना रहे हैं। उनके द्वारा ड्रोन सर्वेक्षण, व्यापार लाइसेंस की दो श्रेणियां बनाने, और जल निकासी प्रणाली का मास्टर प्लान तैयार करने की योजना बनाने का कार्य चल रहा है।