राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क।
लखनऊ। मंडलायुक्त डॉ रोशन जैकब ने अवैध कब्जों की शिकायत मिलने पर तहसील सरोजनीनगर के ग्राम नीवा एवं बिजनौर का औचक निरीक्षण किया। अधीनस्थों को आदेश दिए कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वाले और उनको संरक्षण देने वाले भू माफियाओं पर ठोस कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा उन्होंने अवैध कब्जेधारकों पर कार्रवाई के लिए लेखपालों की संयुक्त टीम का गठन करने के निर्देश दिए। कहा कि जनपद के समस्त क्षेत्र की सरकारी भूमियों की पैमाइश, जीएस मैपिंग व जीरो टेगिंग कराई जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर कहीं से सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत आती है तो तुरंत कार्रवाई की जाए। अभियान चलाकर अतिक्रमण की गई सरकारी जमीन को मुक्त कराया जाए। उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने तहसील में अवैध अतिक्रमण की सूची तथा यदि अवैध अतिक्रमण नहीं किया गया है तो संबंधित लेखपालों से इसका प्रमाण पत्र लेना सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सरोजिनी नगर फाल्गुनी सिंह, सहायक नगर आयुक्त नगर निगम आकाश सिंह आदि मौजूद रहे।

















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































