एक सप्ताह में शिकायतों का निस्तारण कराने के दिए निर्देश
अभ्युदय योजना की क्लासेज बंद होने पर जताई नाराजगी
रिपोर्ट : रजनीश सिंह
हरदोई : मंडलायुक्त रोशन जैकब ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मंडलीय जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जिसमें अधिकतर राजस्व और निजी विवाद से संबंधित शिकायते आई है। उन्होंने पिछले जनता दर्शन में सुनी समस्याओं की समीक्षा की। साथ ही दोबारा शिकायत आने पर उसका 24 घंटे के अंदर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत चल रही कोचिंग क्लासेज बंद होने की शिकायत पर नाराजगी जाहिर की है।
शासन के निर्देश है कि मंडलायुक्त हर माह के पहले और अंतिम मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनता दर्शन कर फरियादियों की समस्याओं को सुनेंगे। इसी के दृष्टिगत 1 अगस्त को मंडलीय जनता दर्शन का कार्यक्रम हरदोई में लगा था। जिसमें मंडलायुक्त रोशन जैकब ने फरियादियों की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए थे।
आज फिर 5 दिसंबर को हरदोई कलेक्ट्रेट सभागार में मंडलीय जनता दर्शन का कार्यक्रम लगाया गया। जिसमें सुनवाई के लिए पहुंची मंडलायुक्त रोशन जैकब ने पहले पूर्व की शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने शिकायतों का शत प्रतिशत निस्तारण होने पर संतुष्टि जाहिर की। आज के मंडलीय जनता दर्शन में सबसे अधिक राजस्व और कुछ अन्य विभागों की शिकायते आई। जिसमें उन्होंने कहा कि पिछले मंडलीय जनता दर्शन की शिकायत दोबारा आने पर 24 घंटे में निस्तारण किया जाये। साथ ही उन्होंने नई शिकायतों का 2 से 3 दिन या एक सप्ताह में निस्तारण करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए है।
उन्होंने बताया कि अपर आयुक्त इन सभी शिकायतों की 10 दिन के बाद समीक्षा करने आयेंगे।