राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क हरदोई : ग्राम पंचायत भटपुर के मजरा कटका कला में बिजली व्यवस्था की बदहाली से तंग आकर किसानों ने आखिरकार बुधवार को भारतीय किसान मजदूर यूनियन (सर्व समाज) के बैनर तले जखवा पावर हाउस पर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। क्षेत्र में 250 कनेक्शनधारकों के लिए मात्र 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है, जो अक्सर ओवरलोड होकर जल जाता है और विद्युत आपूर्ति ठप हो जाती है।
पिछले 9 दिनों से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित है, जिससे किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। कड़कती धूप में यूनियन नेता भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में दर्जनों किसानों ने धरना दिया, लेकिन विद्युत विभाग का कोई भी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
जेई सूरज गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर स्पष्ट किया कि ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाना उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर है और इसके लिए एसडीओ संडीला से संपर्क करना होगा। जब भूपेंद्र सिंह ने एसडीओ को फोन किया, तो जवाब मिला – “हम अपने घर से ट्रांसफार्मर लाएं क्या? पहले इस्टीमेट बनवाइए।” इस गैर-जिम्मेदाराना जवाब से किसानों में और अधिक रोष फैल गया।
धरने के दौरान भूपेंद्र सिंह ने थाना प्रभारी मारकंडेय सिंह व जेई को लिखित ज्ञापन सौंपा, जिसमें कटका कला के अलावा कूड़ा, देवरी और संगमपुर गांवों की बिजली समस्याएं और बार-बार हो रहे अनावश्यक शटडाउन का भी ज़िक्र किया गया। ज्ञापन में एक सप्ताह की समयसीमा तय करते हुए चेतावनी दी गई कि अगर समाधान नहीं हुआ तो एसडीओ कार्यालय पर घेराव किया जाएगा, जिसकी पूरी ज़िम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
जर्जर लाइनों और लचर प्रबंधन के चलते किसान लगातार दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, परंतु विभाग मौन धारण किए हुए है।
धरना तब समाप्त हुआ जब करीब चार बजे जेई ने 15 दिन में स्थायी समाधान का आश्वासन देते हुए अस्थायी तौर पर एक 25 केवीए का ट्रांसफार्मर भेजा।
मुख्य मांगे:
- 25 केवीए की जगह 63 केवीए ट्रांसफार्मर की स्थापना
- अनावश्यक शटडाउन पर नियंत्रण
- कूड़ा, देवरी, संगमपुर में भी स्थायी समाधान
- जर्जर लाइनों की मरम्मत















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































