राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क।
हरदोर्ई। स्कूल-कालेज में पढऩे वाली छात्राओं को अगर कोई समस्या है, कोई मनचला उनको परेशान करता है तो उनको परेशान होने की जरूरत नहीं हैं। अब छात्राएं स्कूल-कालेजों में लगी पिंक पेटिका पर अपनी समस्या लिखकर डाल सकती हैं। शिकायत करने वाली छात्रा का नाम-पता गोपनीय रहेगा।
शासन के आदेश पर एसपी नीरज कुमार जादौन ने स्कूल-कालेजों में पिंक पेटिका लगाने की पहल की थी। इसके लिए बाकायदा पुलिस की टीमों ने वहां पर जाकर छात्राओं को जागरूक किया था। साथ ही स्कूल प्रबंधन से जल्द से जल्द पेटिका लगाने की बात कही थी। एसपी की इस पहल के बाद हरदोई जिले में अभी तक 150 स्थानों पर पिंक पेटिका लगाई जा चुकी है। अब छात्राएं अपनी समस्या लिखकर इस पेटिका में डाल सकती हैं। एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा करना शासन की प्राथमिकता में हैं। कई बार छात्राएं अपनी समस्या परिजनों से तो बताती हैं लेकिन वह थाने तक नहीं आतीं। ऐसी परेशानी में वह केवल एक शिकायत लिखकर पेटिका में डाल दें। इसके बाद त्वरित कार्रवाई की जाएगी। शिकायत करने वाले का नाम-पता गोपनीय रहेगा।











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































