राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क।
लखनऊ। त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरी रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने कई स्थानों पर छापे मारे। टीम ने करीब 39 विभिन्न खाद्य पदार्थो के नमूने लिए। इसके अलावा व्यापारियों संग बैठक कर मिलावटखोरी न करने की शपथ दिलार्ई।
टीम ने शुक्रवार को आलमबाग, मोहनलाल गंज, विकास नगर, सदर बाजार, बक् शी का तालाब, कैंट और भपटामऊ आदि स्थानों पर छापामार कार्रवाई की। टीम ने यहां से कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, सूखे मेवे, मूंगफली, साबूदाना, रामदाना व अन्य खाद्य पदार्थो के नमूने लिए। इसके बाद अधिकारियों ने चारबाग स्थित राजा खोया मंडी एवं ठाकुरगज खोयामंडी में व्यापारियों के साथ बैठक की। अधिकारियों ने कहा कि नवरात्र का त्यौहार चल रहा हैै। आगे दशहरा व दीपावली जैसे प्रमुख पर्व हैं। ऐसे में खोया, दूध व पनीर आदि में मिलावट होने लगती है। लिहाजा सभी को मिलावट न करने की शपथ दिलाई गई। सहायक आयुक्त (खाद्य)विजय प्रताप सिंह ने बताया कि करीब 39 नमूने लिए गए हैं।

















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































