
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क रायबरेली : आगामी महाशिवरात्रि, रमजान और होली के शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में सेन्ट्रल पीस कमेटी की बैठक हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह सहित विभिन्न अधिकारियों, धर्मगुरुओं, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया।
शांति और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
जिलाधिकारी ने सभी धर्मों के अनुयायियों से आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा को जन्म न लेने दिया जाए और उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। नगर और उपजिला मजिस्ट्रेटों को अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर संभावित विवादों का समाधान कराने के निर्देश दिए गए।
व्यवस्था और सतर्कता के निर्देश
- मंदिरों, गंगा स्नान घाटों, होलिका दहन स्थलों और होली जुलूस मार्गों का पूर्व निरीक्षण हो।
- लटकते बिजली और टेलीफोन तारों की मरम्मत, सड़क गड्ढों का सुधार व जलभराव की समस्या दूर की जाए।
- सार्वजनिक मार्गों पर कोई आयोजन न हो और निराश्रित पशुओं को नियंत्रित किया जाए।
- स्टंटबाजी, प्रेशर हॉर्न और हूटर के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
- त्योहार स्थलों की साफ-सफाई, पानी और बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा
- मिलावटी दूध, पनीर, मिठाई आदि की सघन जांच की जाए।
- भीड़भाड़ वाले स्थानों पर एंबुलेंस व चिकित्सकों की तैनाती की जाए।
- महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा के विशेष उपाय किए जाएं।
ईद और अलविदा जुमा की तैयारी
- मस्जिदों और ईदगाहों की सूची तैयार कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया जाए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने सभी अधिकारियों को सतर्क रहने और अपने क्षेत्रों का गहन निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन सिद्धार्थ, मुख्य चिकित्साधिकारी नवीन चंद्रा, अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा समेत विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी और शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।