काराकास
वेनेजुएला में सत्ता और सुरक्षा को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अमेरिका द्वारा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़े जाने के बाद देश के सुप्रीम कोर्ट ने उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को कार्यवाहक राष्ट्रपति नियुक्त कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पुष्टि की है कि अमेरिकी विशेष बलों ने मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें नार्को-टेररिज्म से जुड़े आरोपों का सामना करने के लिए न्यूयॉर्क की फेडरल कोर्ट में पेश किया जाएगा।
एक समाचार एजेंसी के मुताबिक, वेनेजुएला के सुप्रीम कोर्ट की संवैधानिक पीठ ने शनिवार को आदेश जारी करते हुए कहा कि निकोलस मादुरो की अनुपस्थिति में डेल्सी रोड्रिग्ज देश की कार्यवाहक राष्ट्रपति होंगी। अदालत ने कहा कि यह कदम प्रशासनिक निरंतरता और राष्ट्र की समग्र रक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि वह आगे इस मामले पर कानूनी ढांचे को लेकर चर्चा करेगा, ताकि राज्य की निरंतरता, सरकार का संचालन और संप्रभुता की रक्षा की जा सके।
डेल्सी रोड्रिग्ज (56) का जन्म 18 मई 1969 को वेनेजुएला की राजधानी काराकास में हुआ था। वह वामपंथी नेता और पूर्व गुरिल्ला जॉर्ज एंटोनियो रोड्रिगेज की बेटी हैं, जिन्होंने 1970 के दशक में क्रांतिकारी संगठन लीगा सोशलिस्टा की नींव रखी थी। डेल्सी रोड्रिग्ज को निकोलस मादुरो की सबसे भरोसेमंद नेताओं में गिना जाता है। वह अपने भाई जॉर्ज रोड्रिगेज, जो वेनेजुएला की नेशनल असेंबली के प्रमुख हैं के साथ मिलकर लंबे समय से सरकार की अहम नीतियों पर काम करती रही हैं।
डेल्सी रोड्रिग्ज ने अपने राजनीतिक करियर में सरकार के कई अहम पदों पर काम किया है। वर्ष 2013 से 2014 तक वह संचार और सूचना मंत्री रहीं, इसके बाद 2014 से 2017 तक उन्होंने विदेश मंत्री की जिम्मेदारी संभाली। साल 2017 में उन्हें सरकार समर्थक संविधान सभा का प्रमुख बनाया गया, जिसने मादुरो सरकार की नीतियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जून 2018 में डेल्सी रोड्रिग्ज को वेनेजुएला का उपराष्ट्रपति नियुक्त किया गया। वहीं अगस्त 2024 में उन्हें तेल मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई, जहां उन्होंने अमेरिका के बढ़ते प्रतिबंधों के बीच देश के सबसे अहम उद्योग को संभालने और उसे स्थिर रखने की कोशिश की।





















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































