राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क
भरावन हरदोई। विभिन्न मांगों के निस्तारण के लिए भारतीय किसान मजदूर यूनियन (सर्व समाज ) ने ब्लॉक कार्यालय पर प्रदर्शन किया। बाद में मांगों के निस्तारण को ज्ञापन सौंपा।
सोमवार को विकासखंड भरावन कार्यालय पर भारतीय किसान मजदूर यूनियन के जिला अध्यक्ष सुनील तिवारी के नेतृत्व में तमाम किसान पहुंचे। यहां पर किसानों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उनका कहा कि भ्रष्ट कर्मचारियों के कारण किसान परेशान है। सरकारी योजनाओं का लाभ देने के नाम पर पैसे मांगे जाते हैं। समय से किसानों को बिजली न मिलने से फसल सूखने का संकट खड़ा हो जाता हैं। रही सही कसर बेसहारा पशु पूरी कर देते हैं। आए दिन वह खेतों में खड़ी फसल को खराब कर देते हैं। गोशालाओं में सिर्फ कागजों में पशुओं की संख्या बढ़ा दी जाती है। सामुदायिक शौचालयों में ताले पड़े रहते हैं। हैंडपंप और नलकूप के रीबोर के नाम पर लाखों रूपया निकाला जाता है लेकिन किसानों को शुद्ध पानी नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं भी बेहाल हैं। बाद में उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि अगर समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ तो जिला मुख्यालय पर धरना दिया जाएगा। इस मौके पर भूपेंद्र सिंह और विपिन दीक्षित आदि मौजूद रहे।