राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज नेटवर्क।
हरदोर्ई। प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने भी गंभीरता से लिया है। इसी के तहत उन्होंन खुद अपने घर के बाहर हुए अतिक्रमण को अपनी मौजूदगी में तुड़वा दिया। वहीं नगरवासियों से भी अपील करते हुए कहा कि सभी प्रशासन की इस मुहिम में सहयोग दें। हो सके तो वह खुद ही अपने घर के बाहर या आसपास फैले अतिक्रमण को हटवा दें।
बताते चलें कि नगर को साफ-सुथरा व अतिक्रमण विहीन करने के लिए डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने एक सितंबर से अभियान चलाने के आदेश दिए थे। इसी के तहत रविवार को कई स्थानों पर सिटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बुलडोजर गरजा था। प्रशासन ने रोजाना अभियान चलाने के लिए अलग-अलग मार्ग चिन्हित कर लिए हैं। प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान को जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने भी गंभीरता से लिया है। इसी के तहत महात्मा गांधी मार्ग नुमाइश चौराहे स्थित अपने आवास के बाहर नाले के ऊपर हुए अतिक्रमण को उन्होंने खुद तुड़वा दिया। गलत तरीके से लगे पत्थरों को भी उन्होंने अपनी मौजूदगी में हटवा दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रशासन की यह अच्छी पहल है। अगर अतिक्रमण नहीं होगा तो जलभराव व जाम आदि की समस्या से शहरवासियों को निजात मिल जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी प्रशासन की इस मुहिम में सहयोग करने की अपील की है। ताकि स्वच्छ व सुंदर हरदोई का निर्माण हो सके।








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































