राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क
ऑपरेशन सिंदूर के बाद डायरेक्टर जनरल ऑफ एयर ऑपरेशन्स एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती सुर्खियों में आ गए है। उनका नाम हर किसी की जुबान पर है। इस ऑपरेशन में भारतीय वायुसेना की भूमिका महत्वपूर्ण रही थी। डायरेक्टर जनरल ऑफ एयर ऑपरेशन्स एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती ने जिस तरह से इस पूरे मामले पर जानकारी दी है, उसके बाद वो चर्चा में है।
इसी बीच बिहार के पूर्णिया से ताल्लुक रखने वाले एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती की मां उर्मिला देवी का एक इंटरव्यू भी चर्चा में है। इस इंटरव्यू में वो अपने बेटे की तारीफ कर रही है।
एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती के बारे में बता दें कि वो बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखते है। उनके पिता जीवछ लाल यादव एक रिटायर्ड क्लर्क रह चुके है। उनके परिवार में भारती के तीन भाई और एक बहन है। उनकी मां ने कहा कि अपने दादा का सपना पूरा करने के लिए भारती ने बचपन से ही हवाई जहाज उड़ाने की जिद की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद वो देश की सेवा में जुटे हुए है।
उन्होंने कहा कि मेरे तीन बेटों में अवधेश कुमार भारती सबसे बड़े है। मुझे अपने बेटे पर बहुत गर्व है। देश की रक्षा के लिए वो सरहद पर तैनात होता है। भारत माता की आजीवन सेवा करने का उसका संकल्प है जो वो निभा रहा है। बचपन से ही वो सशस्त्र बल में शामिल होने का सपना देखता था, जिसे उसने पूरा किया।
उन्होंने कहा कि उनका बेटा सच्चा देशभक्त है। देश के लिए वो काम करते है। अब दुनिया भी जानती है कि किसके पोते और किसके बेटे ने देश का गौरव बढ़ाया है। बता दें कि वर्ष 1987 में एयर मार्शल भारती ने एयरफोर्स ज्वाइन कर अपने करियर की शुरुआत की थी। सेवा के दौरन वो कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते आए है। वर्ष 2008 में उनकी सेवा के लिए उन्हें राष्ट्रपति से वायु सेना पदक से सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2023 में वो एयर मार्शल बनाए गए थे। एयरफोर्स में ये पद उच्च और प्रतिष्ठित होता है। वर्तामन जिम्मेदारी संभालने से पहले वो संचालन व रणनीति संबंधी कई जिम्मेदारियां पूरी कर चुके है।













































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































