“लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान पीएम मोदी का भाषण न होने पर सियासी घमासान तेज हो गया है। स्पीकर ओम बिरला ने पीएम की सुरक्षा को लेकर बड़ा बयान दिया है।“
हाइलाइट्स :
- लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने पीएम मोदी की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
- स्पीकर बोले– हालात देखते हुए पीएम से सदन में न आने का आग्रह किया
- विपक्ष पर सदन की गरिमा तोड़ने और घेराव का आरोप
- कंगना रनौत ने लगाया प्रधानमंत्री पर हमले की साजिश का आरोप
- मनोज तिवारी बोले– विपक्षी सांसदों ने पीएम का रास्ता घेरा
- पोस्टर लाने पर स्पीकर की सख्त चेतावनी
- लोकसभा की कार्यवाही 11 बजे तक स्थगित
नई दिल्ली। लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण न हो पाने को लेकर सियासी माहौल गर्मा गया है। इस पूरे घटनाक्रम पर अब लोकसभा स्पीकर ओम बिरला का बड़ा और चौंकाने वाला बयान सामने आया है।
स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि “देश ने कल देखा कि सदन में क्या हालात थे। परिस्थितियों को देखते हुए मैंने स्वयं प्रधानमंत्री से सदन में न आने का आग्रह किया, क्योंकि उनके साथ कोई अप्रत्याशित घटना हो सकती थी।”
पीएम की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
ओम बिरला ने स्पष्ट कहा कि कुछ महिला सांसद उस स्थान पर पहुंच गई थीं, जहां प्रधानमंत्री आमतौर पर बैठते हैं और जहां से वे सदन में प्रवेश करते हैं। ऐसे हालात में प्रधानमंत्री की सुरक्षा सर्वोपरि थी।
उन्होंने कहा,- “हालात सामान्य नहीं थे। प्रधानमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला जरूरी था।”
विपक्ष पर गंभीर आरोप
स्पीकर ने विपक्षी सदस्यों के व्यवहार को संसद की गरिमा के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि बुधवार को कुछ सदस्यों का आचरण बेहद दुर्भाग्यपूर्ण रहा और स्पीकर कार्यालय में हुआ व्यवहार एक ‘काला धब्बा’ है।
ओम बिरला ने दो टूक कहा,- “पोस्टर लेकर आएंगे तो संसद नहीं चलेगा। सदन को सुचारू रूप से चलाने में सभी को सहयोग करना चाहिए।”
कंगना रनौत का आरोप: ‘पीएम पर अटैक की योजना’
हिमाचल प्रदेश के मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने विपक्ष पर और भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जवाब देना था, उससे पहले कांग्रेस सांसदों ने उनका रास्ता घेर लिया था।
कंगना ने दावा किया, “विपक्ष की महिला सांसद उस जगह इकट्ठा हो गई थीं जहां प्रधानमंत्री बैठते हैं। उनकी योजना सीधे प्रधानमंत्री पर अटैक करने की थी।”
मनोज तिवारी का बयान
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने भी विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि –“करीब 7–8 महिला सांसदों ने प्रधानमंत्री के बैठने और आने-जाने के रास्ते को पूरी तरह घेर लिया था। इसी वजह से प्रधानमंत्री को रुकना पड़ा।”
लोकसभा स्थगित
स्पीकर ओम बिरला ने प्रधानमंत्री का आग्रह मानने के लिए आभार जताया और कहा कि फिलहाल लोकसभा की कार्यवाही गुरुवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।“









































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































