“लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में दो सगी बहनों के सुसाइड के बाद उनके पालतू कुत्ते टोनी की भी मौत हो गई। डॉगी से गहरा लगाव इस दर्दनाक घटना की वजह बना।“
हाइलाइट्स :
- लखनऊ में दो सगी बहनों के सुसाइड के तीन दिन बाद पालतू कुत्ते की मौत
- जर्मन शेफर्ड नस्ल का डॉग टोनी एक महीने से पेट की बीमारी से था पीड़ित
- बहनों का कुत्ते से गहरा भावनात्मक लगाव बताया गया
- मरने से पहले मां से की थी कुत्ते की देखभाल की अपील
- पारा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव की घटना
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सामने आई एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। जिस पालतू कुत्ते टोनी के लिए दो सगी बहनों ने आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाया था, उसकी भी अब मौत हो गई है।
परिवार के मुताबिक, जर्मन शेफर्ड नस्ल का डॉग टोनी पिछले करीब एक महीने से पेट की गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। उसका लगातार इलाज चल रहा था, लेकिन दवाइयों के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हो पाया। इसी दौरान टोनी की बिगड़ती हालत से बहनें राधा और जिया गहरे डिप्रेशन में चली गईं।
तीन दिन पहले दोनों बहनों ने फिनायल पीकर आत्महत्या कर ली थी। मरने से पहले उन्होंने अपनी मां से भावुक अपील करते हुए कहा था—
“हमारे मरने के बाद डॉगी को घर से मत भगाना।”
परिवार ने बताया कि बहनों की आखिरी इच्छा का सम्मान करते हुए टोनी का पूरा ध्यान रखा जा रहा था और इलाज भी जारी था, लेकिन आज सुबह उसकी भी मौत हो गई। कुत्ते की मौत की खबर से परिवार एक बार फिर गहरे सदमे में चला गया है।
परिजनों के अनुसार, टोनी का अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ किया जाएगा। यह घटना पारा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव की है, जिसने इंसान और पालतू जानवर के बीच भावनात्मक रिश्ते की गहराई को उजागर कर दिया है।





























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































